देहरादून: पथरिया पीर में सीवर लाइन कार्य का शिलान्यास, 9 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ।
Oplus_131072
देहरादून
उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पथरिया पीर में पेयजल निगम द्वारा प्रस्तावित सीवर लाइन बिछाने के कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि क्षेत्र में सीवर लाइन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। पुरानी सीवर व्यवस्था वर्तमान आबादी के अनुरूप नहीं थी, जिससे लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बढ़ती जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए इस नई सीवर लाइन की आवश्यकता और भी अधिक हो गई थी।
उन्होंने बताया कि लगभग 13 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से इस योजना की शुरुआत की गई है, जिससे भविष्य में क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ होगी। इस परियोजना से 9 हजार से अधिक स्थानीय निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र में स्वास्थ्य व पर्यावरण संबंधी समस्याओं में भी कमी आएगी।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।