देहरादून: राज्यसभा प्रत्याशी दिनेश आर्य के नामांकन पर सीएम धामी का कांग्रेस पर हमला, बोले- दलित समाज को सिर्फ नारों से ठगा।
Oplus_131072
देहरादून: राज्यसभा प्रत्याशी दिनेश आर्य के नामांकन पर सीएम धामी का कांग्रेस पर हमला, बोले- दलित समाज को सिर्फ नारों से ठगा
देहरादून। उत्तराखंड से राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर अनुसूचित जाति और दलित समाज के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक दलित समाज के नाम पर बड़े-बड़े नारे तो दिए, लेकिन उनके वास्तविक उत्थान के लिए अपेक्षित काम नहीं किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए योजनाओं और बजट के माध्यम से कई स्तरों पर काम किया है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा में लाना है।
रामनाथ कोविंद और द्रौपदी मुर्मू का दिया उदाहरण
सीएम धामी ने कहा कि भाजपा और एनडीए सरकार के कार्यकाल में समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों से आने वाले लोगों को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों तक पहुंचने का अवसर मिला। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और वर्तमान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उदाहरण देते हुए कहा कि यह सामाजिक समावेश और अवसर की राजनीति को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की जनता पिछले वर्षों में हुए इन बदलावों को देख रही है और यह भी समझ रही है कि किस सरकार ने दलित और वंचित समाज के लिए वास्तविक स्तर पर काम किया है।
राज्यसभा नामांकन के दौरान भाजपा का शक्ति प्रदर्शन
भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे। नामांकन को भाजपा ने पूरी एकजुटता के साथ शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी पेश किया।
मुख्यमंत्री ने दिनेश आर्य को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे उत्तराखंड की आवाज को संसद के उच्च सदन में मजबूती से उठाएंगे।